15/04/2026
सूचना
उत्तर प्रदेश शासन के 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के निर्देशों के अनुपालन में, वर्धमान कॉलेज, बिजनौर में छात्राओं के लिए एक सुरक्षित और गरिमापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। संस्थान में एंटी-रैगिंग सेल और महिला उत्पीड़न निवारण समिति (ICC) को पूरी तरह सक्रिय करते हुए छात्राओं की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बना दिया गया है।
उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें मानसिक व सामाजिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से इन समितियों का पुनर्गठन किया गया है। अब छात्राएं परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, रैगिंग या अन्य किसी भी समस्या के लिए सीधे इन समितियों से संपर्क कर सकती हैं।इसी के अंतर्गत छात्राओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की 'एंटी-रैगिंग' और 'महिला उत्पीड़न निवारण समिति' के पदाधिकारियों ने छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गहराई से समझा।
बैठक के दौरान छात्राओं ने कॉलेज परिसर और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी अपनी विभिन्न जिज्ञासाएं और समस्याएं साझा कीं। समिति के सदस्यों ने न केवल उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुना, बल्कि मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण कर छात्राओं को आश्वस्त किया। इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के मन से झिझक मिटाना और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि संस्थान उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
समिति के पदाधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि कॉलेज में शिकायत निवारण तंत्र को अब और भी सुलभ बना दिया गया है। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या रैगिंग की शिकायत के लिए छात्राएं अब बिना किसी संकोच के समिति के पास पहुंच सकती हैं।इस अवसर पर महाविद्यालय के एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी डॉ बबीता चौधरी, डॉ मेघना अरोड़ा,डॉक्टर अनूप कुमार गुप्ता,डॉ साबिर ,रोवर्स -रेंजर्स प्रभारी डॉ कुलदीप कुमार, डॉ आयुष बघेल, डॉ टीना अग्रवाल, डॉ चेतना शाक्य आदि उपस्थित रहे।